अनंत अंबानी का 31वां जन्मदिन: 1 लाख गायों को छप्पन भोग, गांवों में भोज

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी ने आज अपना 31वां जन्मदिन जामनगर में भव्य और सेवा-भाव से भरे अंदाज में मनाया। जन्मदिन के मौके पर जामनगर के आसपास के सभी गांवों में भोज का आयोजन किया गया, जबकि एक लाख से ज्यादा गायों को छप्पन भोग कराए गए। साथ ही बॉलीवुड के दिग्गज सितारे शाहरुख खान, रणवीर सिंह, सलमान खान समेत कई सेलिब्रिटीज जामनगर पहुंचे और इस खास मौके को यादगार बनाया।

अनंत अंबानी ने जन्मदिन को ‘सेवा’ का प्रतीक बनाते हुए गो-सेवा पर खास जोर दिया। गिरनार के पारसधाम सहित विभिन्न पंजरपोल गौशालाओं में एक लाख से अधिक गायों को छप्पन भोग लगाया गया। यह सेवा राजकोट, नासिक, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद समेत कई शहरों की गौशालाओं तक फैली रही।

जामनगर के आसपास के सभी गांवों में भोज का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों ग्रामीण शामिल हुए। भोज में पहुंची महिलाओं को साड़ियां गिफ्ट की गईं, जबकि बच्चों को स्कूल किट, किताबें और बैग बांटे गए। मुंबई के कई इलाकों में भी राशन वितरण किया गया। अनंत ने देश के प्रमुख मंदिरों को करोड़ों रुपये का दान भी दिया।

स्टार-स्टडेड सेलिब्रेशन

जन्मदिन समारोह में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान और बेटे अबराम के साथ जामनगर पहुंचे। रणवीर सिंह ने स्टाइलिश लुक में एंट्री की और पूरा माहौल गर्माया। सलमान खान, राम चरण, रितेश देशमुख, संजय दत्त, अनन्या पांडे, शहनाज गिल, कृति सेनन, ओररी और अन्य कई सेलिब्रिटीज भी वंतारा पहुंचे।

पत्नी राधिका मर्चेंट ने अनंत को किस देकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर लेजर लाइट शो के जरिए अनंत को बर्थडे विश किया गया।

सेवा और समर्पण का जश्न

अनंत अंबानी के जन्मदिन पर 31 सेवा-कार्यों की घोषणा की गई, जिसमें यात्री भवनों का निर्माण, गौशालाएं, स्कूलों का उन्नयन, गांवों में बुनियादी सुविधाएं और श्रमिकों को मिठाई वितरण शामिल हैं। जामनगर के 15 गांवों में 31 हजार महिलाओं को साड़ियां और 31 हजार लोगों को मिठाइयां बांटी गईं।