दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले को शनिवार शाम दिल का दौरा पड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 92 वर्षीय गायिका को अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में इलाज दिया जा रहा है, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, आशा भोसले को शनिवार रात करीब 7:30 बजे भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया गया है। अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने पुष्टि की कि गायिका का इलाज चल रहा है, लेकिन विस्तृत जानकारी नहीं दी।
आशा भोसले ने 8 सितंबर 2025 को अपना 92वां जन्मदिन मनाया था। वे भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय आवाजों में से एक हैं, जिन्होंने 12,000 से अधिक गीत गाए हैं और 14 से ज्यादा भाषाओं में अपनी मधुर स्वर लहरियों से दर्शकों को मोहित किया है।
उनके परिवार की ओर से अभी कोई औपचारिक बयान नहीं आया है। बहन उषा मंगेशकर ने भी कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है।
आशा भोसले का संगीत सफर चुनौतियों भरा रहा। मात्र नौ साल की उम्र में पिता का साया सिर से उठ गया। 16 साल की छोटी उम्र में उन्होंने गणपतराव भोसले से शादी की, जिसके बाद पारिवारिक विरोध और मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से संगीत जगत में अमिट छाप छोड़ी।
उनकी पोती ने भी सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य अपडेट साझा करते हुए कहा कि थकान और सीने के संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और परिवार गोपनीयता का सम्मान चाहता है।