जय भीम के नारों से गूंजा महू: कांग्रेस ने भाजपा पर संविधान खिलवाड़ का आरोप लगाया

डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में आज उनकी 135वीं जयंती पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उत्साह से भर गई। रात से ही शुरू हुए कार्यक्रम में जय भीम के नारे गूंजते रहे। काली पलटन स्थित जन्म स्थल पर गार्ड ऑफ ऑनर के बाद आतिशबाजी हुई और पूरा क्षेत्र बाबा साहब के अनुयायियों से गुलजार रहा। देश के विभिन्न राज्यों से हजारों लोग यहां पहुंचे हैं, जिनकी संख्या एक लाख से अधिक होने की उम्मीद है।

प्रदेश सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठंडे पानी, भोजन और ठहरने की अच्छी व्यवस्था की गई है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का बयान

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सुबह महू पहुंचे और बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बाबा साहब की तस्वीर लगाकर बड़े-बड़े आयोजन करती है, लेकिन संविधान की भावना से खिलवाड़ करने का काम भी उसी की ओर से होता है। पटवारी ने जोर देकर कहा कि बाबा साहब के सिद्धांतों और संविधान की रक्षा करना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि है।

सीएम मोहन यादव का कार्यक्रम

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी आज महू पहुंचकर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और वहां सभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने पहले ही बाबा साहब को लोकतंत्र का आधारस्तंभ बताया है।