रायपुर: रेत भरे हाइवा-ट्रक की जोरदार टक्कर, 3 की मौत

अभनपुर थाना क्षेत्र के गोबरा नवापारा में सोमवार देर रात एक भयावह सड़क हादसा हो गया। रेत से लदे हाइवा और खाली ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई।

घटना पिपरौद-बजरंगपुर के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा के निकट हुई। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 1:30 बजे रेत भरा हाइवा तेज रफ्तार से आ रहा था, जबकि सामने से खाली ट्रक आ रहा था। दोनों वाहनों की भयंकर टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाके में करीब दो किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी।

टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और ट्रक में सवार तीनों लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद जेसीबी की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में चल रहे थे, जिसके कारण हादसा इतना भीषण हो गया। तेज गति और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद सड़क पर यातायात कुछ समय के लिए ठप रहा, जिसे बाद में पुलिस ने बहाल कर दिया।