राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से फर्जी पत्र और एआई तकनीक से बनाए गए वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को मध्यप्रदेश और पंजाब से पकड़कर जयपुर लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
डीसीपी साउथ राजश्री राज ने बताया कि ज्योति नगर थाना पुलिस ने निखिल, बिलाल खान और इनाम अहमद को भोपाल से गिरफ्तार किया, जबकि अमृता धुमाल को मोहाली से हिरासत में लिया गया। सभी आरोपियों को बुधवार को जयपुर लाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वसुंधरा राजे के नाम से मोहन भागवत को संबोधित एक फर्जी पत्र तैयार किया गया था। इस पत्र को सोशल मीडिया पर फैलाने के लिए एआई की मदद से वीडियो भी बनाया गया, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर की गई। पुलिस अब चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उनकी रिमांड लेने की तैयारी में है, ताकि मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क और साजिश का खुलासा किया जा सके।
इससे पहले जांच में मध्यप्रदेश कनेक्शन सामने आने पर भोपाल पुलिस ने कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। इस कार्रवाई पर हरीश चौधरी और सांसद विवेक टांक ने सवाल उठाए थे। हरीश चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।