बेटी की शादी कर घर लौट रहे थे, एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत

मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक भयावह सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की शादी की रौनक को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया। झारखंड के रांची से बेटी की शादी कराकर गोरखपुर लौट रहे परिवार के तीन सदस्यों और दो चालकों सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर कुसुम्हा-बशारतपुर के पास हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुस गई और सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई।

मृतकों की पहचान गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र के निवासी विनय श्रीवास्तव, उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव और उनके 27 वर्षीय इकलौते बेटे कृतार्थ के रूप में हुई है। किराए की स्कॉर्पियो चला रहे गया के रहने वाले मुख्य चालक पुरुषोत्तम और सहायक चालक नितीश भी इस दुर्घटना में जान गंवा बैठे।

जानकारी के अनुसार, विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी विमांसा की शादी के लिए 20 अप्रैल को रांची गए थे। शादी समारोह पूरा होने के बाद शनिवार को वे किराए की स्कॉर्पियो से परिवार सहित घर वापस लौट रहे थे। रात करीब 2:30 बजे दोहरीघाट क्षेत्र में पहुंचते ही उनकी गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई, डिवाइडर तोड़कर उछली और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह से पिचक गई और लोहे के मलबे में बदल गई। पुलिस को शवों को निकालने के लिए गैस कटर और ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले जा सके। हादसे में परिवार का पालतू कुत्ता भी मारा गया।

ट्रेलर चालक हादसे के तुरंत बाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि चालक को नींद आ गई होगी या फिर अत्यधिक गति के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया।

दोहरीघाट थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ अज्ञात के तौर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।