मुरार इलाके में ठगों का गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दान दिलाने के झांसे में फंसाकर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला से जेवर और नकदी की ठगी कर ली गई। यह घटना पिछले सात दिनों में इसी तरह की पांचवीं वारदात बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है।
मुरार थाना क्षेत्र के सांई नगर लाल टिपारा निवासी रामवती कुशवाह (60) बुधवार दोपहर करीब 3 बजे सदर बाजार से पंखा खरीदकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और बताया कि उनके सेठ के यहां लंबे समय बाद पुत्र जन्म हुआ है, इसलिए वे गरीबों में दान बांट रहे हैं।
युवकों ने महिला को दान देने का लालच दिया। लालच में आकर रामवती उनकी बातों में आ गईं। दोनों आरोपियों ने उन्हें एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के पास ले जाकर कहा कि दान पाने के लिए उन्हें गरीब जैसा दिखना होगा, इसलिए अपने गहने उतार दें।
महिला ने मंगलसूत्र, कानों के बाले, ओम का पेंडेंट और पर्स में रखे 500 रुपये निकालकर रख दिए। ठगों ने महिला को कुरकुरे के चार पैकेट थमा दिए और चालाकी से उनके पर्स से सारे गहने व नकदी निकाल ली। इसके कुछ ही देर बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। जब रामवती ने पर्स चेक किया तो गहने और पैसे गायब थे। महिला ने शोर मचाया, जिस पर स्थानीय लोगों ने उन्हें सहयोग किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का सुराग मिला है। पुलिस की टीम अब शिवपुरी तक पहुंच गई है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि दान दिलाने के नाम पर बुजुर्ग महिला से ठगी की गई है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिससे शहर में हाल में हुई अन्य ठगी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।