हज यात्रा में अव्यवस्था का आरोप, भारतीय हाजियों ने जताई नाराजगी

सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान भारतीय हाजियों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा है। कई जायरीनों ने आरोप लगाया है कि 4 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद खाने, रहने और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं।

हाजियों का कहना है कि मिना और अराफात में कई लोगों को तंबुओं में जगह नहीं मिल पाई। घंटों धूप में खड़े रहकर इंतजार करना पड़ा। पानी और मेडिकल सुविधाओं की भी कमी रही, जिससे बुजुर्ग और बीमार हाजियों को खास परेशानी हुई। कुछ हाजियों ने बताया कि बसों का समय पर इंतजाम नहीं होने से उन्हें पैदल ही लंबी दूरी तय करनी पड़ी।

भोपाल के हाजी इमरान हारून ने कहा कि सऊदी सरकार और भारतीय हज कमेटी की लापरवाही से जायरीनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

हाजियों ने प्राइवेट टूर ऑपरेटरों पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बेहतर सुविधाओं और आवास का वादा कर ऑपरेटरों ने मोटी रकम वसूली, लेकिन मौके पर सुविधाएं नहीं दी गईं। सोशल मीडिया पर भी कई हाजी वीडियो और पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

मामले पर अल्पसंख्यक मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायतों का संज्ञान लिया गया है। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि सऊदी अधिकारियों से संपर्क कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए बात की जाएगी। साथ ही हज कमेटी के स्तर पर भी पड़ताल शुरू की गई है।