इंदौर: डीयू ड्रॉप फैक्ट्री में भीषण आग, 4 घंटे बाद भी काबू नहीं

धार रोड स्थित डीयू ड्रॉप एरिगेशन प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शनिवार सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि काले धुएं का गुब्बार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू न पाने पर पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट को भी बुलाया गया। 7 दमकल गाड़ियां पिछले 4 घंटे से लगातार आग बुझाने में जुटी हैं। अब तक 35 टैंकर पानी का इस्तेमाल हो चुका है।

RRCAT के डिप्टी फायर ऑफिसर अजय कुमार ने बताया कि आग बहुत ज्यादा फैली हुई है। मौके पर पानी का कोई सोर्स नहीं होने से दिक्कत आ रही है। टैंकरों से पानी मंगाकर दमकल गाड़ियों को भरा जा रहा है। प्लास्टिक दाना होने के कारण आग तेजी से फैली और धुआं घना हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सुरक्षा के लिहाज से फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

इस बीच सांवेर रोड के एफ सेक्टर स्थित रुई के कतरन के गोदाम में भी आग लगने की खबर है। वहां भी दमकल की गाड़ियां भेजी गई हैं।

डीयू ड्रॉप फैक्ट्री में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग पर काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन हो पाएगा। पुलिस और फायर विभाग ने जांच शुरू कर दी है।