गुरुवार रात उज्जैन-गरोठ रोड पर एक तेज रफ्तार कार में अचानक आग लग गई। समय रहते ड्राइवर ने कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की चपेट में आकर धधकने लगी।
घटना उज्जैन-गरोठ हाईवे पर धतरावदा के पास की है। असीम पटेल नामक व्यक्ति अपनी कार (MP13AF3290) से जा रहे थे। इसी दौरान कार से जलने की तेज बदबू आने लगी। असीम ने तुरंत कार रोकी और जांच करने की कोशिश की, तभी अचानक कार में आग भड़क उठी।
आग देखते ही ड्राइवर तुरंत कार से बाहर कूद गया, जिससे वह किसी तरह की चोट से बच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन आग का गोला बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी अंकित राजपूत ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच कर रही है।