चीन कोयला खदान विस्फोट: 90 मजदूरों की मौत

चीन के शांक्सी प्रांत के किनयुआन काउंटी स्थित एक कोयला खदान में शुक्रवार को हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 90 मजदूरों की जान चली गई। यह पिछले दस वर्षों में चीन का सबसे घातक कोयला खदान हादसा माना जा रहा है।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, विस्फोट बीजिंग से लगभग 520 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित इस खदान में हुआ। हादसे से पहले खदान के अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का स्तर अत्यधिक बढ़ने का अलर्ट जारी किया गया था, जिसके कुछ देर बाद जोरदार धमाका हुआ।

घटना के समय खदान के अंदर 247 मजदूर काम कर रहे थे। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने लोग अब भी अंदर फंसे हुए हैं। बचाव दल लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

शुरुआती रिपोर्ट में छुपाई गई जानकारी?

हादसे के तुरंत बाद शिन्हुआ ने शुरुआती खबर में केवल 8 मौतों की पुष्टि की थी और दावा किया था कि 200 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कुछ समय बाद अचानक मृतकों की संख्या बढ़कर 82 हो गई। बाद में आंकड़ा 90 तक पहुंच गया। सरकारी मीडिया ने मृतकों की संख्या में इतनी तेज वृद्धि का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया।

शी जिनपिंग का सख्त निर्देश

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए बचाव टीमों को लापता मजदूरों को निकालने के लिए पूरी ताकत झोंकने का आदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

शी ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया कि वे कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बरतें और बड़े हादसों को रोकने के लिए जोखिमों की पहले से जांच करें। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए बाढ़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन पर भी पूरा ध्यान दिया जाए।

प्रधानमंत्री ने भी जताई चिंता

प्रधानमंत्री ली च्यांग ने लापता मजदूरों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने हादसे के कारणों की शीघ्र जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही।

उपप्रधानमंत्री मौके पर पहुचे   

उपप्रधानमंत्री झांग गुओकिंग हादसे वाली जगह पर पहुंच गए हैं। वे स्थानीय अधिकारियों के साथ राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।