महाबलेश्वर में भीषण हादसा: 800 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 युवकों की मौत

पोलादपुर-आंबेनळी घाट रोड पर रविवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया। एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 800 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार आठ युवकों की मौत हो गई। सभी मृतक सातारा जिले के कोरेगांव तहसील अंतर्गत आसगांव गांव के निवासी थे।

दुर्घटना इतनी विकराल थी कि बचाव दल को शवों को खाई से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही महाबलेश्वर ट्रैकर्स टीम, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुबह करीब छह बजे से चार अलग-अलग रेस्क्यू टीमें युद्ध स्तर पर अभियान चला रही हैं।

मृतकों के नाम:

  • महेश अनिल पवार (25)
  • आदित्य अशोक सालुंखे (21)
  • रितेश राजेंद्र लोखंडे (25)
  • सुहास जितेंद्र लोखंडे (20)
  • अंश समीर चव्हाण (18)
  • उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21)
  • अनिल अभिमन्यू शिंगटे (25)
  • नितीन किसन नायकोंडे (35)

घाट क्षेत्र का खड़ी चढ़ाई वाला रास्ता, रात का अंधेरा और दुर्गम इलाका बचाव कार्य को चुनौतीपूर्ण बना रहा। स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल पर राहत कार्य की निगरानी के लिए अधिकारियों को तैनात किया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घाट के खतरनाक मोड़ पर वाहन के नियंत्रण से बाहर हो जाने या तेज रफ्तार की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।