भुवनेश्वर: कालाहांडी सेप्टिक टैंक हादसे में 6 मजदूरों की मौत

ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। एक अन्य मजदूर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मदनपुर-रामपुर थाना क्षेत्र के गौड़ कार्लाखुंटा गांव में यह घटना हुई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मजदूर टैंक के अंदर लगी सेंट्रिंग सामग्री निकालने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान अचानक एक व्यक्ति बेहोश होकर गिर गया। उसे बचाने के लिए अन्य साथी भी अंदर गए, लेकिन वे सभी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। देखते-ही-देखते छह लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य चलाया गया और सभी शवों को बाहर निकाला गया। पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने जारी बयान में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सीएम राहत कोष (सीएमआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि टैंक में जमा जहरीली गैस मुख्य वजह लग रही है। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।