तमिल फिल्म उद्योग के दिग्गज निर्देशक और ‘इयक्कुनर इमयम’ के नाम से मशहूर भारतीराजा का बुधवार को चेन्नई में निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण उन्होंने अपने नीलांकरई स्थित आवास पर अंतिम सांस ली।
भारतीराजा का मूल नाम चिन्नासामी पेरियामाया थेवर था। भारतीराजा ने तमिल सिनेमा को ग्रामीण परिवेश, सामाजिक यथार्थ और भावनात्मक गहराई वाली फिल्मों का नया आयाम दिया। 1977 में 16 वयधिनिले से निर्देशन की शुरुआत करने वाले इस फिल्मकार ने अपने करियर में 40 से अधिक फिल्में बनाईं, जिनमें कई फिल्में आज भी क्लासिक मानी जाती हैं।
सिनेमा में योगदान
उन्होंने मुख्य रूप से तमिल और तेलुगु सिनेमा में काम किया, लेकिन हिंदी में भी अपनी पहचान बनाई। राजेश खन्ना और पूनम ढिल्लों अभिनीत रेड रोज (1980) उनकी उल्लेखनीय हिंदी फिल्म रही, जो उनकी तमिल फिल्म का रीमेक थी।
उनकी फिल्मों में किझके पोगुम रेल, मुथल मरियाथाई, करुथम्मा, वेधम पुथिथु और अंथिमंथाराई जैसी रचनाएं शामिल हैं, जिन्होंने जाति, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण जीवन की चुनौतियों को सशक्त तरीके से उठाया।
भारतीराजा ने कमल हासन, श्रीदेवी, रेवती, राधा और विजयशांति जैसी कई प्रतिभाओं को फिल्म उद्योग में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्मान और उपलब्धियां
- 6 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले भारतीराजा को पद्म श्री (2004) से भी सम्मानित किया गया था।
- उन्हें कई फिल्मफेयर साउथ, तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार और नंदी पुरस्कार भी मिले।