अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व शहर की प्रमुख जगहों और स्टेडियमों में योग का जोश दिखाई दिया। टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मध्य प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने हजारों युवाओं के साथ योगासन किए।
कार्यक्रम में युवाओं की भारी भागीदारी ने स्पष्ट संकेत दिया कि नई पीढ़ी फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति पहले से कहीं ज्यादा जागरूक हो रही है। सुबह से ही स्टेडियम में युवा, खिलाड़ी और आम नागरिकों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान पूरा माहौल अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर योग को महज व्यायाम न बताकर जीवनशैली का अहम अंग बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहने के साथ-साथ मन भी शांत और संतुलित होता है। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने युवाओं से अपील की कि वे योग को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करें।
मुख्य कार्यक्रम के बाद मंत्री विश्वास सारंग बड़े तालाब (बोट क्लब) पहुंचे, जहां दूसरे योग सत्र का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में भी हजारों युवाओं ने सामूहिक रूप से योग किया और स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया। तालाब किनारे योग करते युवाओं का मनमोहक नजारा देखने लायक रहा।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के 190 से अधिक देश योग को अपना रहे हैं।” उन्होंने योग को भारत की प्राचीन विरासत बताते हुए कहा कि यह अब वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का रूप ले चुका है।