राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जबलपुर पहुंच रही हैं। वे शाम 6:10 बजे पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरबेस से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी।
राज्यपाल मंगूभाई पटेल डुमना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शनिवार रात करीब 8 बजे जबलपुर पहुंचने वाले हैं।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। डुमना एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे रूट पर भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। राष्ट्रपति शनिवार रात सर्किट हाउस नंबर-1 में ठहरेंगी।
रविवार का कार्यक्रम
रविवार 21 जून को राष्ट्रपति सुबह 7:05 बजे सर्किट हाउस से गैरिसन ग्राउंड के लिए रवाना होंगी। वे सुबह 7:30 बजे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा और योग व स्वास्थ्य के महत्व पर संदेश दिया जाएगा।
योग कार्यक्रम के बाद वे 8:35 बजे सर्किट हाउस लौटेंगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि बनेंगी। समारोह में विभिन्न संकायों के छात्रों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
विवाद की छाया
दीक्षांत समारोह को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। कई शोधार्थी और स्वर्ण पदक विजेता मंच पर सम्मान न मिलने के विरोध में आवाज उठा चुके हैं। समारोह समाप्त होने के बाद दोपहर 12:50 बजे राष्ट्रपति विश्वविद्यालय से डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी और दोपहर 1:20 बजे ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी।