राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने सामूहिक योगाभ्यास में शामिल होकर योग के महत्व पर बल दिया।
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने भी योग सत्र में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
राष्ट्रपति शनिवार शाम विशेष विमान से जबलपुर पहुंची थीं और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। रविवार सुबह गैरीसन ग्राउंड पहुंचने के बाद योग कार्यक्रम पूरा होने पर वे सर्किट हाउस लौटीं। इसके बाद वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीवीवी) के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जहां मेधावी छात्रों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
20 वर्ष बाद राष्ट्रपति की उपस्थिति
आरडीवीवी के इतिहास में लगभग 20 साल बाद किसी राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में शामिल हो रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंचे थे।
स्वर्ण पदकों को लेकर विवाद के बाद नया फैसला
दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक वितरण को लेकर हाल ही में विवाद हुआ था। अब तय किया गया है कि राष्ट्रपति 20 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। शेष पदक और उपाधियां राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार वितरित करेंगे। इस व्यवस्था से कुछ छात्रों ने नाराजगी जताई थी। रिहर्सल के दौरान एक छात्रा की आपत्ति पर अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत किया।
समारोह की तैयारियों के तहत शुक्रवार को विश्वविद्यालय में पूरे दिन रिहर्सल का आयोजन किया गया। प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाओं की सावधानीपूर्वक जांच की गई।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, यातायात प्रभावित
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। डुमना एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, गैरीसन ग्राउंड और विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती है। दीक्षांत समारोह के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक विश्वविद्यालय मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। राष्ट्रपति का काफिला गेट नंबर-2 से प्रवेश करेगा। समारोह के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:50 बजे विश्वविद्यालय से रवाना होकर 1:20 बजे विशेष विमान से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी।