एयर इंडिया की एक दिल्ली-अमृतसर उड़ान सोमवार रात तकनीकी खराबी के कारण रास्ता भटक गई और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को चेतावनी जारी कर तुरंत वापस भेज दिया।
विमान दिल्ली से सोमवार रात 9:18 बजे (तय समय से 3 मिनट देरी से) रवाना हुआ था। यह एयरबस A321 विमान रात 10:30 बजे अमृतसर पहुंचना था, लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी आने से यह पाकिस्तानी एयरस्पेस में चला गया। पायलट को पाकिस्तानी ATC की चेतावनी मिलने के बाद विमान का रूट बदलकर भारत की ओर मोड़ दिया गया।
अमृतसर लौटने पर रनवे पर ट्रैफिक बढ़ने के कारण विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली। एयरपोर्ट अधिकारियों ने इसे वापस दिल्ली भेज दिया। विमान दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के बाद करीब 2 घंटे बाद दोबारा अमृतसर के लिए रवाना हुआ और मंगलवार तड़के करीब 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। इस घटना में कुल 4 घंटे की देरी हुई।
एयरपोर्ट अथॉरिटी का बयान
अमृतसर एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान तकनीकी खराबी के कारण भटका था। रनवे पर ट्रैफिक बढ़ने से लैंडिंग में देरी हुई, इसलिए विमान को दिल्ली डायवर्ट किया गया। बाद में सभी यात्री सुरक्षित अमृतसर पहुंच गए। यात्रियों को हुई असुविधा के बावजूद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।