भोपाल के इमामी गेट इलाके में चाय और नाश्ते का ठेला लगाने वाले 53 वर्षीय व्यक्ति की बिजली का करंट लगने और ठेले से गिरने के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें शख्स को झटका लगते ही गिरते देखा जा सकता है।

मृतक की पहचान चेतराम किरार के रूप में हुई है। वे मूल रूप से औबेदुल्लागंज के रहने वाले थे और पिछले 15 वर्षों से भोपाल में पीर गेट क्षेत्र में ठेला लगाकर अपना परिवार चला रहे थे।
21 जून की घटना घटना
21 जून दोपहर की है, जब चेतराम अपने ठेले पर ग्राहकों को चाय-नाश्ता परोस रहे थे। ठेले के पास रखी इलेक्ट्रिक भट्टी के बिजली तार में कटाव था, जिसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। काम करते समय जैसे ही उनका हाथ कटे तार से छूया, उन्हें तेज करंट का झटका लगा। झटके की वजह से वे संतुलन खो बैठे और ठेले से नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले के तकनीकी और अन्य पहलुओं की छानबीन कर रही है।
परिवार पर छाया दुख
चेतराम किरार अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और तीन बेटों को छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार आर्थिक संकट में पड़ गया है।