अमेरिका ने ईरान पर ताजा हमला किए, कई ठिकानों पर बमबारी, तीन मौतें

संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई जारी रखते हुए एक बार फिर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में ईरान के करीब 90 सैन्य लक्ष्यों को निशाना बनाया गया।

इन हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, कमांड सेंटर्स, रडार इंस्टॉलेशंस, एंटी-शिप मिसाइलें और IRGC की कई छोटी नावों को भारी नुकसान पहुंचा है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलों में कम से कम तीन लोगों की जान गई है जबकि कुछ अन्य घायल हुए हैं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन हमलों को मंजूरी देते हुए कहा कि ईरान बार-बार समझौतों का उल्लंघन कर रहा है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने अपनी हरकतें नहीं रोकीं तो और भी मजबूत जवाब दिया जाएगा। उन्होंने खुद को ईरान की टारगेट लिस्ट में सबसे ऊपर बताया, जो मौजूदा तनाव की गंभीरता को दिखाता है।

हमले की वजह

अमेरिका का कहना है कि ईरान ने हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर हमला किया, जो वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके जवाब में अमेरिका ने न सिर्फ सैन्य हमले किए बल्कि ईरानी तेल निर्यात पर फिर से पाबंदियां लगा दी हैं। CENTCOM ने बताया कि ये कार्रवाई ईरान की समुद्री हमलों की क्षमता को कमजोर करने के लिए की गई।

ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई भी हुई है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया है कि बहरीन और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल व ड्रोन हमले किए गए।