उत्तरप्रदेश: पत्नी की नाक काटने पर सास ने ननद की नाक काट दी

जिले के पडुआ इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के मायके जाने की जिद पर हुए विवाद में पति ने उसकी नाक दांतों से काट दी। बदले में पत्नी की मां ने पति की 18 वर्षीय बहन की नाक काट दी। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम चचरापुरवा गांव के रहने वाले श्रवण कश्यप ने अपनी पत्नी प्रीति (30) के साथ झगड़े के दौरान उसकी नाक काट दी। प्रीति मायके जाना चाहती थी क्योंकि उसकी चचेरी बहन की शादी थी, लेकिन श्रवण इसके लिए तैयार नहीं था। विवाद बढ़ने पर श्रवण ने मारपीट की और नाक काट दी।

घटना के करीब एक घंटे बाद प्रीति ने फोन पर मायके को सूचना दी। पिता बनवारी लाल और मां श्रीदेवी समेत परिजन ससुराल पहुंचे। बेटी को खून से लथपथ देखकर मां श्रीदेवी भड़क गई। दोनों परिवारों में तीखी बहस और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान बचाव के लिए आई श्रवण की बहन मोनी (18) को श्रीदेवी ने पकड़कर दांतों से उसकी नाक काट दी। मोनी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

आसपास के लोगों ने शोर सुनकर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद दोनों परिवार थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। प्रीति और मोनी का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

4 साल पहले हुई थी शादी

श्रवण कश्यप खेती-किसानी का काम करते हैं। प्रीति से उनकी शादी चार साल पहले हुई थी। दंपति के अभी कोई संतान नहीं है। दोनों परिवारों के बीच की दूरी महज 2 किलोमीटर है। थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया, “पति-पत्नी के बीच शुरू हुए विवाद में दोनों परिवार शामिल हो गए। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”