राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 17 वर्षीय दर्शन निनामा नाम की कक्षा 12 की छात्रा ने अपने जन्मदिन के दिन ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसकी दोस्तें केक लेकर जन्मदिन मनाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयासों के बाद जब दरवाजा खोला गया तो सभी स्तब्ध रह गए। छात्रा फंदे पर लटकी हुई थी।
दर्शन अलीराजपुर जिले के भाभरा क्षेत्र के खेरिया माली गांव की निवासी थी। वह अनंत हायर सेकंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी और JEE की तैयारी के लिए कोचिंग भी अटेंड कर रही थी। सितंबर 2025 से वह इसी छात्रावास में रहकर अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए थी। संयोग से सोमवार को ही उसका जन्मदिन था।
घटना के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे दर्शन कोचिंग से लौटी और अपने कमरे में चली गई। उसकी रूममेट उस समय गांव पर छुट्टी पर थी, जिस वजह से वह अकेली थी। छह बजे के आसपास सहेलियां जन्मदिन मनाने पहुंचीं। लंबे समय तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब न मिलने पर छात्रावास स्टाफ की मदद से कमरा खुलवाया गया। भीतर यह दर्दनाक नजारा देख सभी हैरान रह गए।
कटारा हिल्स थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को AIIMS भोपाल ले जाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभी तक कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और छात्रा की सहेलियों व अन्य लोगों से पूछताछ जारी है।
परिवार वाले अलीराजपुर से भोपाल पहुंचे और बेटी की इस हालत को देखकर टूट गए। पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच बढ़ा रही है, जिसमें पढ़ाई का दबाव, व्यक्तिगत परेशानियां या कोई अन्य वजह शामिल हो सकती है।