जैसलमेर में सेना की गाड़ी का भीषण हादसा, मेजर की मौत

राजस्थान के जैसलमेर जिले में गुरुवार की मध्य रात सेना से जुड़ी एक एसयूवी ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी चार-पांच बार पलट गई। इस हादसे में गाड़ी चला रहे मेजर हमजा आरिफ (26 वर्ष) की जान चली गई।

घटना शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर थईयात आर्मी स्टेशन के पास हुई। मेजर आरिफ और उनके साथ दो लेफ्टिनेंट ड्यूटी समाप्त करके स्टेशन लौट रहे थे। अचानक रास्ते में आया ऊंट गाड़ी से भिड़ गया। टक्कर के बाद एसयूवी लगभग 100 मीटर तक घिसटते हुए कई बार पलटती रही।

मेजर आरिफ मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। उनकी शादी को महज एक महीना ही हुआ था। हादसे में साथ यात्रा कर रहे दो लेफ्टिनेंट आयुष्मान और अभिनव राठौड़ भी बुरी तरह घायल हो गए। तीनों को तुरंत सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मेजर को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों घायल अधिकारियों का इलाज जारी है।

टक्कर में ऊंट की भी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस और सैन्य पुलिस ने मिलकर जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी से लौटते समय यह दुर्घटना हुई।