संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर गुरुवार को एक सांकेतिक और नाटकीय विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बिहार के पूर्णिया लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पुजारी का वेश धारण कर सबका ध्यान खींचा।
संसद भवन के मकर द्वार के पास आयोजित इस प्रदर्शन में पप्पू यादव भगवा कपड़ों में साधु-पुजारी बनकर दानपेटी लेकर बैठे। विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों ने उनके पास पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से चंदा दिया। पप्पू यादव ने दानपेटी में पैसे डालने के बजाय उन्हें अपनी जेब में रख लिया, जिससे मंदिर के चढ़ावे में हुई कथित चोरी का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद वे दानपेटी लेकर भागने लगे, लेकिन अन्य विपक्षी सदस्यों ने उन्हें रोक लिया और जोर-शोर से नारे लगाए।
प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाद्रा, डिंपल यादव और अन्य विपक्षी सांसद भी शामिल हुए। सांसदों ने ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ और अमित शाह से संबंधित नारे लगाते हुए गृह मंत्री की संसद में अनुपस्थिति और छात्रों के मार्च पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया।
पप्पू यादव ने प्रदर्शन के बाद कहा कि वे सनातन धर्म के रक्षक हैं और राम के आदर्शों पर चलते हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।