रायपुर में प्रेमी ने गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश, आरोपी फरार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक शादीशुदा महिला पर उसके प्रेमी ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पीड़िता के चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाई। महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और मेकाहारा अस्पताल के बर्न वार्ड में उसका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

पुलिस के अनुसार घटना करीब रात 8:30 बजे हुई। डायल 112 को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले गई। माना थाना पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी।

आरोपी की पहचान वीरेंद्र उर्फ वीरू धीवर के रूप में हुई है। वह आरंग थाना क्षेत्र के मोखला गांव का रहने वाला है। पीड़िता समोदा की मूल निवासी है और शादी के बाद मोखला में रहने लगी थी। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच साल 2021 से पहले से प्रेम संबंध थे। इस रिश्ते के कारण महिला के पति से विवाद होता रहता था। एक बार आरोपी ने सास पर फावड़े से हमला भी किया था, जिसकी शिकायत आरंग थाने में दर्ज है। इसके बाद पति-पत्नी अलग हो गए, लेकिन महिला और आरोपी का संपर्क जारी रहा।

घटना के दिन आरोपी ने महिला से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर वह गुस्से में आ गया और पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। महिला की चीख सुनकर स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया और उसे अस्पताल पहुंचाया। शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे हालत गंभीर बनी हुई है।

माना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है, पुलिस टीमें उसके ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही हैं।