इंदौर: भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांवड़ियों का विरोध प्रदर्शन

इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांवड़ियों ने विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान भोलेनाथ को लेकर की गई कथित टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में तुरंत प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि चंदन नगर से गंगवाल की ओर कांवड़ यात्रा जा रही थी। इसी दौरान अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में कुछ लोग थाने पहुंचे। उन्होंने आवेदन देकर आरोप लगाया कि दूसरे धर्म के एक धार्मिक गुरु ने हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की है। शिकायत के साथ एक वीडियो भी पेश किया गया है। फिलहाल जांच चल रही है कि वीडियो कहां का है और उसमें दिखने वाला व्यक्ति कौन है। जांच के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने अपनी तकरीर में भगवान भोलेनाथ (महाकाल) के बारे में बेहद अभद्र और अशोभनीय टिप्पणियां की हैं। इससे हिंदू समाज और करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। महामंडलेश्वर नितिन दास महाराज के सानिध्य में कांवड़ यात्री थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर की मांग की। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद यात्रा आगे बढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि अगर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। अगले सोमवार को पांच हजार लोगों की कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी और जरूरत पड़ने पर थाने या एसपी कार्यालय का घेराव भी किया जा सकता है।