इंदौर: बायपास अंडरपास पर एक्टिवा सवार युवती की दुर्घटना में मौत

तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के बायपास अंडरपास के नीचे शनिवार रात एक सड़क दुर्घटना में 29 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की दोस्तों ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां रात तीन बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोस्त शव छोड़कर चले गए।

मृतका की पहचान साहिबा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भोपाल की रहने वाली थी और पिता मोहम्मद अफसर की बेटी थी। वह महालक्ष्मी नगर में रहती थी तथा पिछले दो साल से इंदौर में इवेंट मैनेजमेंट का काम कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, साहिबा एक्टिवा स्कूटर पर सवार थी। रात करीब 11 बजे दुर्घटना हुई। उसके दोस्त अंकुर और सहज उसे पहले गौरव अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए एमवाई अस्पताल रेफर कर दिया। एमवाई अस्पताल में रात तीन बजे साहिबा की मौत हो गई। इसके बाद दोनों दोस्त शव अस्पताल में छोड़कर चले गए।

अंकुर ने बताया कि वे फार्म हाउस के पास एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। साहिबा ने फोन कर लोकेशन न मिलने की बात कही तो अंकुर ने उसे तेजाजी नगर अंडरपास पर रुकने को कहा और खुद लेने जाने की बात कही। कुछ देर बाद जब अंकुर ने दोबारा फोन किया तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया और बताया कि अज्ञात कार ने साहिबा की एक्टिवा को टक्कर मार दी है।

भोपाल स्थित साहिबा के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, लेकिन उनके भाई ने रात में ही इंदौर आने से इनकार कर दिया। परिवार सुबह तक इंदौर नहीं पहुंचा। सूत्रों के मुताबिक साहिबा इंदौर में रहते हुए भोपाल स्थित परिवार से ज्यादा संपर्क में नहीं थी।