गजनी के खतरनाक विलेन प्रदीप रावत का आज अंतिम संस्कार, कल कैंसर से ली अंतिम सांस

टेलीविजन सीरियल महाभारत में अश्वत्थामा का यादगार किरदार निभाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार शाम 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से ब्लड कैंसर की बीमारी से संघर्ष कर रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज बुधवार को मुंबई में संपन्न होगा।

मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, अभिनेता का निधन 4 अगस्त को शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच भिवंडी के अस्पताल में हुआ। वे लगभग पांच वर्षों से इस बीमारी से लड़ रहे थे। चार साल पहले वे ठीक हो चुके थे, लेकिन डेढ़ महीने पहले बीमारी फिर से सक्रिय हो गई। एक महीने से अस्पताल में भर्ती रहने के बाद अचानक प्लेटलेट्स की गिनती गिरने से उनकी स्थिति बिगड़ गई और वे बच नहीं सके।

अंतिम संस्कार की व्यवस्था

आज दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक उनके पार्थिव शरीर को गोरेगांव वेस्ट स्थित आवास (इंपीरियल हाइट्स) पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे जोगेश्वरी वेस्ट के ओशिवारा श्मशान घाट ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार होगा।

करियर की झलक

जबबलपुर में जन्मे प्रदीप रावत को बीआर चोपड़ा की महाभारत (1988) में अश्वत्थामा के रोल ने राष्ट्रव्यापी पहचान दी। इसके बाद लगान में देवा सिंह सोढ़ी और गजनी (तमिल व हिंदी दोनों संस्करणों) में खलनायक के रूप में उन्होंने दर्शकों को प्रभावित किया। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और अन्य भाषाओं की कई फिल्मों में काम किया।

उनके लगान सह-कलाकार यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि प्रदीप रावत हमारे गजनी और लगान के देवा थे। परिवार में पत्नी कल्याणी रावत और बेटा विक्रमादित्य हैं। फिल्म जगत और प्रशंसकों में उनके निधन से शोक की लहर है।