एमवाय हॉस्पिटल फार्मासिस्ट पर EOW का छापा, आय से 108% ज्यादा संपत्ति मिली

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने इंदौर शहर के प्रमुख सरकारी अस्पताल एमवाय हॉस्पिटल में काम करने वाले फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से कहीं अधिक संपत्ति रखने के आरोप में उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की गई।

जांच में सामने आया कि संबंधित अवधि में उनकी वैध कमाई करीब 1.11 करोड़ रुपये थी। इसके मुकाबले उनके नाम पर या परिवार के नाम पर मिली संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 2.13 करोड़ रुपये आंका गया। यह आय से लगभग 108 प्रतिशत अधिक है।

छापे के दौरान इंदौर के अलग-अलग इलाकों में मकान और कई प्लॉट मिले। इनमें वृंदावन गार्डन इलाके का दो मंजिला मकान, संघवी रेसिडेंसी, सद्गुरु नंदी विहार, साकार सिटी, साहिल एन्क्लेव सहित अन्य जगहों के प्लॉट शामिल हैं। एक अन्य प्लॉट के लिए डेवलपर कंपनी को भुगतान किए गए दस्तावेज भी बरामद हुए। साथ ही बैंक पासबुक, रजिस्ट्री कागजात, पासपोर्ट और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए।

EOW के मुताबिक, गोरखे पर सरकारी दवाओं के स्टॉक में अनियमितता बरतने और पद का गलत इस्तेमाल कर संपत्ति जमा करने का आरोप है। उन्होंने कई संपत्तियां विभाग को नहीं बताई थीं। पासपोर्ट की जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने अक्टूबर 2023 में बिना अनुमति थाईलैंड की यात्रा की थी। इस यात्रा का खर्च भी जांच में शामिल किया जा रहा है।