एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ भोपाल टैक्सी चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ से जुड़े) का विरोध अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। संघ ने आज शनिवार को दोपहर 12 बजे लिंक रोड-1 के चेनार पार्क में शहर के टैक्सी चालकों की महाबैठक बुलाई है। इस बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले के अनुसार, बैठक में भोपाल के सभी टैक्सी चालकों को बुलाया गया है। वे अपनी समस्याएं और सुझाव रखेंगे। इन्हीं सुझावों के आधार पर संगठन अगला कदम तय करेगा। अगर सरकार और कंपनियों की ओर से समाधान नहीं निकला तो प्रदेश स्तर पर धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया जा सकता है।
अस्थायी बढ़ोतरी के बाद फिर पुराने रेट
संघ का कहना है कि जून में 23 से 25 तारीख तक एयरपोर्ट राइड के बहिष्कार के बाद कंपनियां दबाव में आई थीं और किराए में 5 से 10 प्रतिशत का आंशिक सुधार किया था। लेकिन आंदोलन खत्म होते ही वे फिर पुराने रेट पर लौट गईं। अब कई राइड्स में ड्राइवरों को महज 30-40 रुपये मिल रहे हैं, जबकि पहले 50-60 रुपये तक की बुकिंग आती थी।
4 अगस्त को संघ के प्रतिनिधियों ने परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। मंत्री ने परिवहन आयुक्त और सचिव से चर्चा कर बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया था।
प्रमुख मांगें
संगठन की मुख्य मांगें हैं:
- मध्य प्रदेश में टैक्सी किराए के लिए स्पष्ट सरकारी नीति और स्थायी दिशानिर्देश लागू हों।
- हर राइड पर 50 से 60 रुपये बेस फेयर, यात्रा समय के लिए 1 से 1.50 रुपये प्रति मिनट का चार्ज और गाड़ी की श्रेणी के अनुसार 22 से 30 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की जाए।
- एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी रोकी जाए।
- निजी नंबर वाले वाहनों और अवैध बाइक टैक्सी के व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई हो।
- टैक्सी चालकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
राजेश कुमार का कहना है कि सिर्फ प्रतिशत बढ़ाने से समस्या हल नहीं होगी। 2014 में कंपनियां बेस फेयर, टाइम चार्ज और प्रति किलोमीटर तीनों देते थे, लेकिन अब ज्यादातर मामलों में सिर्फ दूरी के आधार पर भुगतान हो रहा है। ड्राइवरों के खर्च, रखरखाव, बीमा और ईंधन को देखते हुए पुरानी व्यवस्था फिर से लागू करना जरूरी है।
संभावित किराया बढ़ोतरी के उदाहरण
अगर संघ का प्रस्तावित मॉडल लागू होता है तो प्रमुख मार्गों पर किराए में अच्छी खासी बढ़ोतरी हो सकती है। मसलन:
- अरेरा हिल्स से राजा भोज एयरपोर्ट: मौजूदा 246-282 रुपये से बढ़कर 416-552 रुपये।
- न्यू मार्केट से रेलवे स्टेशन: 95-108 रुपये की जगह 205-270 रुपये।
- लालघाटी से एमपी नगर: 152-167 रुपये से 302-401 रुपये।
- रातीबड़ थाना से भोपाल रेलवे स्टेशन: 274-314 रुपये से 474-638 रुपये तक।