जयपुर में स्कूल बस-स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, 18 बच्चे घायल

शनिवार सुबह जयपुर जिले के जोबनेर-आसलपुर महला मार्ग पर सीमेंट फैक्ट्री के पास एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पलट गए।

हादसे में टैगोर विद्या मंदिर स्कूल की बस में सवार 18 छात्र घायल हो गए। इनमें दो बच्चों के सिर में चोट आई, तीन के पैर में फ्रैक्चर हुआ और एक के हाथ में चोट लगी। सिर की चोटों से बस के अंदर खून फैल गया। बस पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना सुबह करीब 9.30 बजे हुई। स्कूल बस बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। इसमें ड्राइवर, कंडक्टर, एक स्कूल स्टाफ और लगभग 40 बच्चे सवार थे। स्कॉर्पियो चित्तौड़गढ़ से खाटू श्याम की ओर जा रही थी।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 8 से 9 बच्चों को जयपुर रेफर कर दिया गया। स्कॉर्पियो में सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

जोबनेर थाना अधिकारी हनुमान सहाय के अनुसार, दोनों वाहन पलट गए थे और बच्चे बस के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद मार्ग पर लंबे समय तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।