ऋषभ पंत को जमीन दिलाने का आश्वासन, सीएम धामी बोले- हरसंभव मदद करेंगे

टीम इंडिया के विकेटकीपर- बल्लेबाज ऋषभ पंत उत्तराखंड में अपना घर बनाने के लिए जमीन की तलाश में हैं। उन्होंने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग कर मदद की अपील की।

पंत ने बताया कि वे दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं। पिछले करीब तीन साल से अच्छी और बड़ी जगह की खोज कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उपयुक्त जमीन नहीं मिल पाई। उन्होंने इसे प्रक्रिया की जटिलता बताते हुए कहा कि वे अपने मूल स्थान लौटकर पहाड़ी लोगों के बीच रहना और राज्य के विकास में योगदान देना चाहते हैं।

उन्होंने साफ किया कि मुफ्त जमीन नहीं चाहिए। अगर सरकार अनुमति दे तो सरकारी दर पर जमीन खरीदकर अपने राज्य में पहला घर बनाना चाहते हैं।

सीएम का जवाब

इस अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार सुबह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उनके खेल और उपलब्धियों ने देश-विदेश में देवभूमि का नाम रोशन किया है। मातृभूमि के प्रति उनका लगाव और वापस आकर योगदान देने की भावना सराहनीय है।