राजधानी भोपाल में रविवार सुबह तेज बारिश के बावजूद भाजपा की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक पर सवार होकर टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे और यात्रा में शामिल हुए। बच्चों की बड़ी भागीदारी ने माहौल में जोश भर दिया। देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश भी यात्रा का हिस्सा रहा।
यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई। पहले न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे तक जाने का कार्यक्रम था, लेकिन भारी बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए रास्ता छोटा कर दिया गया। नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले यात्रा वापस स्टेडियम की ओर लौट आई, जहां कार्यक्रम समाप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने सरकारी कार और प्रोटोकॉल छोड़कर हेलमेट पहनकर बुलेट पर यात्रा स्थल पहुंचे। हाथ में तिरंगा थामे वे कार्यकर्ताओं के साथ पैदल भी चले। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और अन्य नेता-कार्यकर्ता भी शामिल रहे। पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते रहे।

बारिश के बावजूद बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई बच्चे तिरंगा लेकर पैदल चले, जबकि कुछ डोरेमोन और मोटू-पतलू की ड्रेस में नजर आए। इससे यात्रा का माहौल और भी रंगीन हो गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश ने आयोजन की खुशी बढ़ा दी। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए भारत छोड़ो आंदोलन का जिक्र किया। तिरंगे के तीन रंगों को साहस, वीरता और बलिदान का प्रतीक बताते हुए युवाओं से आजीवन देश सेवा का संकल्प लेने की अपील की। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर अभियान की शुरुआत भी की।