मंगलवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोने व चांदी के भावों में मजबूत तेजी दर्ज की गई। बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और अनिश्चितता के बीच निवेशकों ने सुरक्षित विकल्प के रूप में इन कीमती धातुओं की ओर रुख बढ़ाया। खासकर चीन के संस्थागत निवेशकों और वहां के केंद्रीय बैंक की सक्रिय खरीद ने कीमतों को ऊपर धकेलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का अक्टूबर बेंचमार्क कॉन्ट्रैक्ट 1,600 रुपये की बढ़त के साथ 1,54,699 रुपये पर खुला। पिछले सत्र का बंद भाव 1,53,099 रुपये था। दिनभर के कारोबार में यह कॉन्ट्रैक्ट 1,55,437 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया। चांदी का सितंबर कॉन्ट्रैक्ट भी 3,132 रुपये की तेजी के साथ 2,39,999 रुपये पर खुला। इसका पिछला बंद भाव 2,36,867 रुपये रहा था। खबर लिखे जाने के समय यह 2,39,154 रुपये पर कारोबार कर रहा था और दिन में 2,41,999 रुपये का उच्चतम स्तर छू चुका था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोना 54.40 डॉलर की तेजी के साथ 4,474.10 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 0.69 डॉलर की बढ़त के साथ 65.96 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। दिन में ग्लोबल बाजार में सोना लगभग 4,450 डॉलर और चांदी 66 डॉलर प्रति औंस के आसपास रही।