रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बराइन गांव में एक भयानक घटना सामने आई है। परिवार की मां और बेटी ने मिलकर पिता की हत्या कर दी और उनके शव को घर से लगभग 50 मीटर दूर गड्ढे में दफना दिया। दोनों ने करीब एक महीने तक इस जुर्म को छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक छोटेलाल करीब 50 वर्ष के थे। वे खेती-बाड़ी करके परिवार का खर्च चलाते थे। उनके साथ पत्नी केश कुमारी (48), बेटी छाया (19) और बेटा सतीश (25) रहते थे। बेटा सतीश महाराष्ट्र में नौकरी करते हैं, जबकि बाकी परिवार गांव में ही रहता था।
पुलिस जांच में पता चला कि बेटी का गांव के एक युवक से प्रेम संबंध था। पिता को जब इसकी जानकारी हुई तो वे बेटी को बॉयफ्रेंड से बात करने से मना करते थे। शराब के नशे में वे अक्सर घर में मारपीट भी करते थे। रोजाना की प्रताड़ना से तंग आकर मां-बेटी ने 17 जुलाई की रात यह कदम उठाया। खाना खाने के बाद जब छोटेलाल सो गए, तब दोनों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पास नाले के किनारे गड्ढा खोदकर गाड़ दिया।
हत्या के बाद मां ने बेटे को फोन पर बताया कि पिता झगड़ा करके घर छोड़कर चले गए हैं। कई दिनों तक पिता से संपर्क न होने पर बेटे को शक हुआ। 7 अगस्त को वे गांव पहुंचे और पड़ोसियों से बात की। जब कोई ठोस जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने थाने में पिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस ने पूछताछ शुरू की, मां-बेटी शुरू में अलग-अलग बयान देती रहीं, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी बताई जगह पर पुलिस ने गड्ढा खुदवाया और शव बरामद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।