रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स लीडर्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए देश आएंगे। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को भारतीय मीडिया से हुई वर्चुअल बातचीत में इसकी आधिकारिक पुष्टि की।
पेस्कोव ने बताया कि पुतिन कुछ दिनों में भारत की यात्रा शुरू करेंगे। वे ब्रिक्स सम्मेलन में शिरकत करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। यह बैठक शुक्रवार 11 सितंबर को तय है। इसमें मुख्य रूप से व्यापार और आर्थिक सहयोग पर फोकस रहेगा।
सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। थीम है ‘रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी बिल्डिंग’। वर्तमान में ब्रिक्स में 11 पूर्ण सदस्य देश शामिल हैं। सम्मेलन में व्यापार, वित्त, तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक व्यवस्था में सुधार जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
पुतिन की यह यात्रा एक साल के भीतर भारत की दूसरी यात्रा होगी। वे दिसंबर 2025 में भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आए थे। इससे पहले अगस्त 2026 में किर्गिस्तान में SCO सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी से उनकी मुलाकात हुई थी, जहां मोदी ने उन्हें दिल्ली के ब्रिक्स सम्मेलन का निमंत्रण दिया था।