प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे और ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में जेन-जी युवाओं से सीधा संवाद किया। करीब छह हजार युवाओं की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में पीएम की एंट्री ने खासा आकर्षण पैदा किया।
कार्यक्रम स्थल पर खास तौर पर वाई शेप का रैंप तैयार किया गया था। प्रधानमंत्री भाषण से पहले इसी रैंप पर चलते हुए युवाओं के बीच पहुंचे। उनके मंच पर पहुंचते ही क्वीन का लोकप्रिय गाना ‘वी विल रॉक यू’ बजाया गया। इसके तुरंत बाद हालिया हिट फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी गूंज उठा। युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एक छात्र ने उन्हें अपनी बनाई तस्वीर भी भेंट की।
युवाओं से संवाद में विपक्ष पर तंजल
गभग 25 मिनट तक युवाओं से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें झूठे प्रचार और गुमराह करने वाली बातों से सावधान रहने को कहा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि झूठ की गूंज से लोगों को भटकाने वाले हर चौराहे पर आसानी से मिल जाएंगे। लेकिन भारत का युवा सच की हुंकार के साथ आगे बढ़ता है, उसी के साथ चलता है और उसी के लिए संघर्ष करता है।
विकास कार्यों का जिक्र और ‘नाराज फूफा’ वाला व्यंग्य
इस दौरान प्रधानमंत्री ने पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के अंतिम हिस्से सहित 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण भी किया। उन्होंने याद दिलाया कि फ्रेट कॉरिडोर का विचार 2004 में आया था और 2006 में कंपनी भी बन गई थी, लेकिन 2014 तक काम फाइलों में ही अटका रहा। सत्ता में आने के बाद काम तेज हुआ और अब 2800 किलोमीटर से ज्यादा का कॉरिडोर तैयार हो चुका है।
जेएनपीटी से वडोदरा तक डबल स्टैक कंटेनर ट्रेन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक बार में 250 से ज्यादा ट्रकों जितना माल पहुंच रहा है। इस पर उन्होंने व्यंग्य किया कि कुछ ‘नाराज फूफाजी’ पूछेंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा, लेकिन देश की जरूरत के हिसाब से ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से एआई स्किल सीखने, डिग्री के साथ-साथ कौशल पर जोर देने और विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।