इंदौर से पैदल यात्रा निकालकर सीएम आवास में घुसेंगे जीतू पटवारी, मास्टर प्लान पर दी चेतावनी

मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर और भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि अगर तीन महीने के अंदर मास्टर प्लान जारी नहीं होता तो इंदौर से पदयात्रा शुरू की जाएगी और मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचकर घेराव किया जाएगा। मांग पूरी न होने पर 50 हजार कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल की ओर मार्च करने की भी बात कही गई है।

पटवारी का आरोप है कि लंबे समय से लंबित मास्टर प्लान के कारण शहरों में अनियोजित निर्माण बढ़ रहे हैं। अवैध कॉलोनियां फैल रही हैं और आम नागरिकों तथा व्यापारियों को अनुमति संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि देरी जानबूझकर की जा रही है, जिससे कुछ खास हितों को फायदा हो रहा है।

मास्टर प्लान का मुद्दा कांग्रेस के लिए लंबे समय से प्रमुख रहा है। भोपाल का आखिरी मास्टर प्लान 1995 में लागू हुआ था। नियमों के अनुसार इसे समय-समय पर अपडेट होना चाहिए, लेकिन अभी तक नया प्लान लागू नहीं हो सका। हाल ही में कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने इस मांग को लेकर उपवास भी किया था। जयवर्धन सिंह समेत अन्य नेताओं ने भी सरकार से जल्द समाधान की मांग की है।

पटवारी ने पहले भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नया मास्टर प्लान लाने और व्यावसायिक गतिविधियों को नियमित करने की अपील की थी। कांग्रेस का कहना है कि प्लान न आने से विकास अव्यवस्थित हो रहा है और भूमि उपयोग संबंधी विवाद बढ़ रहे हैं।