कैश ऑन डिलीवरी अब महंगा! जोमैटो ने शुरू किया 5-20 रुपये का नया शुल्क

फूड डिलीवरी ऐप जोमैटो ने हाल ही में कैश ऑन डिलीवरी विकल्प चुनने वाले ग्राहकों के लिए अतिरिक्त शुल्क लागू कर दिया है। अब डिलीवरी के समय नकद भुगतान करने पर 5 रुपये से लेकर 20 रुपये तक का एक्स्ट्रा चार्ज बिल में जुड़ सकता है।

यह शुल्क ऐप के बिल डिटेल्स में ‘पे ऑन डिलीवरी फीस’ के रूप में अलग से दिखता है। ज्यादातर मामलों में यह राशि 5 रुपये के आसपास है, लेकिन कुछ यूजर्स को 7 रुपये या 20 रुपये तक का चार्ज भी देखने को मिला है।

इसके अलावा, जो ग्राहक UPI, कार्ड या अन्य डिजिटल तरीकों से पहले ही भुगतान कर देते हैं, उन पर यह अतिरिक्त फीस नहीं लगती। यानी ऑनलाइन पेमेंट चुनने से बचत हो सकती है।

यह नया चार्ज प्लेटफॉर्म फीस, पैकेजिंग चार्ज, डिलीवरी फीस और जीएसटी से अलग है। कंपनी पहले ही प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाकर करीब 15 रुपये प्रति ऑर्डर के आसपास कर चुकी है।