इंदौर में राहुल गांधी का छात्र संवाद: Gen-Z को जोड़ने के लिए खास तैयारियां

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं, खासकर Gen-Z वर्ग से सीधा संवाद स्थापित करना है। कांग्रेस ने युवाओं को आकर्षित करने के लिए कार्यक्रम में संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों का विशेष प्रबंध किया है।

राहुल गांधी के छात्रों से बातचीत से पहले मंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। सबसे पहले गायक राघव चैतन्य अपनी परफॉर्मेंस देंगे। इसके बाद स्थानीय रैपर लश-करी रैप के जरिए युवाओं को जोड़ेंगे। अंत में अमेरिका गॉट टैलेंट के विजेता डांस ग्रुप वी.अनबिटेबल ड्रीम टीम अपने एक्रोबेटिक और हिप-हॉप डांस से माहौल को ऊर्जावान बनाएगा। इन कलाकारों की सोशल मीडिया पर अच्छी खासी फॉलोइंग है, जिससे कार्यक्रम की पहुंच युवा वर्ग तक बढ़ने की उम्मीद है।

कार्यक्रम का स्थान रीजनल पार्क के सामने आईडीए का मैदान तय हो चुका है। कांग्रेस ने आईडीए को करीब 10.08 लाख रुपये जमा कर मैदान का आवंटन हासिल किया है। यह मैदान 17 से 19 सितंबर तक पार्टी के उपयोग के लिए उपलब्ध रहेगा। कांग्रेस इसे ‘भारत जोड़ो मैदान’ का नाम देने की योजना बना रही है।

यह आयोजन कांग्रेस के व्यापक छात्र संपर्क अभियान का हिस्सा है। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम के लिए एक लाख से अधिक युवाओं का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस की टीमें कोचिंग संस्थानों, कॉलेजों और अन्य जगहों पर जाकर छात्रों से संपर्क कर रही हैं। कार्यक्रम को राजनीतिक रंग से दूर रखने के लिए पार्टी चिह्न और झंडे प्रतिबंधित रखे गए हैं। साथ ही 35 वर्ष से अधिक आयु वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।