प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक जाने वाली बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाई। वहीं पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में मासिक सहायता राशि भेजी गई।
वडनगर में अमित शाह ने शर्मिष्ठा झील और हटकेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती के बाद सेवा संकल्प बाइक यात्रा को रवाना किया। इस यात्रा में करीब 600 बाइकर्स भाग ले रहे हैं। इनमें से आधे वडनगर से और आधे वाराणसी से निकल रहे हैं। वे कई राज्यों, जिलों और गांवों से होते हुए हजारों किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा अक्टूबर के पहले सप्ताह में समाप्त होने वाली है। वाराणसी से निकलने वाली समानांतर यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रवाना किया।
अमित शाह ने वडनगर में कहा कि मोदी जी के जन्मस्थान पर उनके जन्मदिन पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मोदी जी के लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। शाह ने उनके पिछले 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत में शायद ही किसी नेता ने इतने लंबे समय तक बिना विश्राम के इतनी मेहनत की हो। योगी आदित्यनाथ ने मोदी को दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार करते हुए उन्हें नए भारत का निर्माता बताया।
पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को अन्नपूर्णा दिवस के रूप में मनाया। योजना के अंतर्गत करीब 1.58 करोड़ पात्र महिलाओं (25 से 60 वर्ष आयु वर्ग) के बैंक खातों में तीन हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा रही है। कोलकाता में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।