शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की कई उड़ानों का संचालन बाधित रहा। ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण कुछ फ्लाइट्स में देरी हुई तो कुछ रद्द भी कर दी गईं। इससे सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए और एयरपोर्ट पर परेशानी का माहौल बना रहा।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से माफी मांगी है। दिल्ली एयरपोर्ट ने अपने आधिकारिक हैंडल पर बताया कि स्पाइसजेट की कुछ उड़ानों में हुए व्यवधान से हुई असुविधा के लिए उन्हें खेद है। एयरपोर्ट की टीमें एयरलाइन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर प्रभावित यात्रियों की मदद कर रही हैं। ग्राउंड स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहकर सहायता प्रदान कर रहा है। एयरलाइन की ओर से इस घटना पर अभी कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
सूचनाओं के अनुसार सुबह दिल्ली से रवाना होने वाली स्पाइसजेट की चार घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान प्रभावित हुईं। इनमें लेह के लिए तीन और जम्मू के लिए एक उड़ान शामिल थी। लेह जाने वाली एक फ्लाइट निर्धारित समय से कई घंटे देर से उड़ी। कुल मिलाकर सैकड़ों यात्री इस देरी और अनिश्चितता का शिकार बने।