पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान के खिलाफ चल रहा जनआंदोलन अब और तेज हो गया है। नियंत्रण रेखा (LoC) से करीब सात किलोमीटर दूर मंधोल गांव में मंगलवार को लगभग 25 हजार लोग जमा हुए। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि उन्हें भारत जाने का रास्ता चाहिए और सीमा पर लगी तारबंदी हटाई जाए।
यह आंदोलन जून की शुरुआत से चल रहा है और अब 115वें दिन में पहुंच चुका है। स्थानीय नेता सरदार अमन खान के नेतृत्व में अवामी एक्शन कमेटी ने इस प्रदर्शन का आयोजन किया। मंच से अमन खान ने भीड़ से पूछा कि क्या लोसी हटाई जानी चाहिए, क्या पुंछ और मेंढर की तरफ के रास्ते खोले जाने चाहिए और क्या भारत से जुड़ने के लिए आगे बढ़ना चाहिए। मौजूद लोगों ने जोरदार सहमति जताई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाकिस्तान ने कई महीनों से राशन और जरूरी सामान की आपूर्ति रोक रखी है। नतीजतन आटा और खाने-पीने की चीजों की भारी कमी हो गई है। अमन खान ने याद दिलाया कि पहले यहां के लोग मेंढर से राशन खरीदते थे, लेकिन बाद में सीमा पर बाड़ लगा दी गई और आपूर्ति का रुख इस्लामाबाद की तरफ कर दिया गया।
पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के खिलाफ नारे भी गूंजे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि PoK पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है और अब लोगों की सहनशक्ति जवाब दे चुकी है। मुजफ्फराबाद से भी लोग लोसी के आसपास पहुंच रहे हैं और भीड़ लगातार बढ़ रही है।