PM मोदी से बोले कैप्टन स्मित: विमान नीचे जा रहा था, मैं हनुमान चालीसा जपते हुए दरवाजा खोल पाया

फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए उस भयानक घटना का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने गंभीर चोटों के बावजूद विमान में सवार सभी यात्रियों की जान बचाई।

कैप्टन स्मित ने बताया कि को-पायलट के हमले के बाद वे फर्श पर गिर गए थे और उन पर लगातार वार हो रहे थे। उस समय उन्हें साफ महसूस हो रहा था कि विमान की ऊंचाई तेजी से कम हो रही है। उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि अब सिर्फ एक आखिरी कोशिश बची है। मैंने खुद को कहा- स्मित, उठो और दरवाजा खोलो। वह दरवाजा बस पास ही था।”

उन्होंने आगे बताया कि मुश्किल घड़ी में वे हमेशा की तरह हनुमान चालीसा का जाप कर रहे थे। उसी जाप से मिली हिम्मत से उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद अन्य यात्री और क्रू सदस्य अंदर घुसकर को-पायलट को काबू में ले आए। विमान सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक में उतर गया।

प्रधानमंत्री की प्रशंसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस, धैर्य और तुरंत फैसला लेने की क्षमता ने कई जिंदगियां बचाईं। पीएम ने कहा कि पूरा देश उनकी जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहा है और कई जगहों पर उनके लिए महामृत्युंजय जाप भी हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय लोग जीवन लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले हैं।

कैप्टन स्मित इस बातचीत के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने पीएम को अपना सबसे बड़ा आदर्श बताया और कहा कि उनसे बात करना उनके लिए बहुत खास पल है। उन्होंने यह भी बताया कि वे 17 साल से उड़ान भर रहे हैं, जिनमें से 11 साल कैप्टन के रूप में काम कर चुके हैं।