अरुणाचल: भाजपा अध्यक्ष का घर तोड़ा, NHPC ऑफिस-थाने में आग लगाई

अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट कस्बे में शुक्रवार रात सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना के विरोध में प्रदर्शन हिंसक हो गया। उग्र भीड़ ने राष्ट्रीय जलविद्युत निगम (NHPC) के स्थानीय कार्यालय और एक पुलिस थाने को आग के हवाले कर दिया। कई पुलिस वाहन भी जला दिए गए।

घटना 12 घंटे के बंद के बाद रात करीब 11 बजे हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें डीएसपी सहित दर्जनों जवान घायल हुए। कुछ रिपोर्ट्स में घायलों की संख्या 40 से अधिक बताई गई है। मेबो क्षेत्र से आए युवा समूह (कुछ खुद को जेन जेड बता रहे थे) ने सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कलिंग मोयोंग, विधायक निनोंग एरिंग और ओनी पन्यांग के घरों में भी तोड़फोड़ की गई। आदि समुदाय की संस्था आदि बाने केबांग के कार्यालय में भी नुकसान पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने हिंसा की निंदा करते हुए शांतिपूर्ण बातचीत का आह्वान किया है।

परियोजना क्यों विवादित?

11,200 मेगावाट क्षमता वाली यह परियोजना सियांग नदी पर प्रस्तावित है। सरकार का कहना है कि इससे चीन से आने वाले पानी पर नियंत्रण, बाढ़ रोकथाम और बिजली उत्पादन संभव होगा। स्थानीय संगठन और आदिवासी समुदाय पर्यावरण, विस्थापन और भूमि अधिकारों को लेकर विरोध कर रहे हैं।