गुरुवार को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 की मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र और जॉइनिंग की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों चयनित अभ्यर्थियों ने सड़क जाम कर थालियां बजाईं और नारे लगाए, जिससे यातायात ठप हो गया।
जब पुलिस ने रास्ता खुलवाने की कोशिश की तो कई प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर वहीं बैठे रहे। पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की तथा खींचतान हुई। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को बलपूर्वक उठाकर बस में बैठाने का प्रयास किया। हिरासत में लेते समय प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया।
आज करवा चौथ का व्रत होने के बावजूद कई महिला अभ्यर्थी सड़क पर थीं। एक रोती हुई अभ्यर्थी ने कहा, “आज व्रत है, फिर भी कोई दया नहीं आती। हमें ऐसे खींचकर ले जा रहे हैं।” एक अन्य ने भावुक होकर कहा, “अगर जॉइनिंग नहीं देनी है तो जहर ही दे दो। घर जाने के लिए हमें मारोगे क्या? क्या हमें जीने का अधिकार नहीं है?”
अभ्यर्थियों का आरोप है कि मेरिट में आने के बावजूद भर्ती नियमों के क्लॉज-49 और डी.एल.एड. योग्यता को लेकर विवाद के कारण उनकी नियुक्ति अटकी हुई है। वे कहते हैं कि जब तक ठोस फैसला नहीं आता, आंदोलन जारी रहेगा।