सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: खाने-पीने के पैकेट पर जरूरी होगा लाल चेतावनी निशान

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को पैकेटबंद खाने-पीने की चीजों पर पोषण संबंधी चेतावनी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि जिन उत्पादों में चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट की मात्रा तय सीमा से अधिक हो, उनके पैकेट के सामने वाले हिस्से पर अलग-अलग लाल रंग के छह कोनों वाले निशान लगाने होंगे।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि एक ही संयुक्त चेतावनी पर्याप्त नहीं मानी जाएगी। हर हानिकारक तत्व के लिए अलग षट्कोणीय निशान होना चाहिए। इस निशान पर संबंधित चित्र के साथ साफ-साफ “HIGH FAT”, “HIGH SUGAR” या “HIGH SALT” लिखा होना जरूरी है। हर ऐसा निशान पैकेट के मुख्य हिस्से का करीब 4 से 5 प्रतिशत स्थान घेरना चाहिए, ताकि खरीदार आसानी से देख सकें।

पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को यह भी निर्देश दिया कि चेतावनी तय करते समय सिर्फ मिलाई गई चीनी या फैट के बजाय कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। साथ ही इन तत्वों की सीमा स्तरों को दोबारा वैज्ञानिक आधार पर तय किया जाए।

यह फैसला एक जनहित याचिका पर आया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य, खासकर बच्चों के स्वास्थ्य को उद्योग के हितों से ऊपर रखना जरूरी है। FSSAI को निर्देश दिया गया है कि वह अपने प्रस्तावित समयसीमा के अंदर नियम लागू करे और कंपनियों द्वारा देरी या गलत उपयोग न होने दे।