भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ फिर से कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। पश्चिम बंगाल के एक प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में हानिकारक बैक्टीरिया पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपारा गांव स्थित बिसलेरी प्लांट से जुलाई 2026 में सैंपल लिया गया था। बैच नंबर PB 201 (निर्माण तिथि 20 जुलाई 2026, उपयोग की अंतिम तिथि 19 जनवरी 2027) के इस सैंपल की जांच प्राथमिक और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं में हुई। दोनों जगह कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इस बैक्टीरिया के पानी में पहुंचने का एक प्रमुख कारण सीवेज लीकेज या टूटी-फूटी पाइपलाइन माना जाता है। नतीजे आने के बाद FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को सिर्फ इसी बैच की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है।
यह बिसलेरी के खिलाफ एक हफ्ते के अंदर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले गोवा स्थित प्लांट के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई थी। रेफरल जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) भी मिले, जिन्हें संभावित कैंसरकारी पदार्थ माना जाता है। उस मामले में भी FSSAI ने मुकदमा चलाने की अनुमति दी थी।
बिसलेरी की ओर से कहा गया है कि प्रभावित बैच PB 201 को कंपनी ने पहले ही वापस ले लिया है। कंपनी का दावा है कि उसी बैच के स्वतंत्र परीक्षण (FSSAI मान्यता प्राप्त लैब्स में) में कोलीफॉर्म और अन्य सुरक्षा मानक पूरे पाए गए। नतीजों में अंतर को देखते हुए बिसलेरी ने पूरी जांच प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग की है और नियामक के साथ पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है।