राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड पर कोहेफिजा चौराहे के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। लिटिल एंजेल स्कूल की बच्चों से भरी बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और टर्न लेते समय रेलिंग से टकरा गई। बस रेलिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ी।
इस हादसे में बस में सवार कई स्कूली बच्चे और शिक्षिकाएं घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब तीन बच्चे और तीन शिक्षिकाएं चोटिल हुईं। घायलों को तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल बच्चों को बस से बाहर निकालने में मदद की। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के समय बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
अभी तक दुर्घटना का सटीक कारण सामने नहीं आया है। क्या ब्रेक फेल हुए या ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, इसकी जांच चल रही है। स्कूल प्रशासन और पुलिस दोनों तरफ से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। परिवार वाले अस्पताल में पहुंचे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने की बात कही है।