बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर 1971 में देश आजाद नहीं हुआ होता तो आज भी बांग्लादेश पाकिस्तानी सेना के जूतों तले दबा होता। किसी को प्रधानमंत्री बनने का मौका भी नहीं मिलता।
अवामी लीग के ऑनलाइन कार्यक्रम में बोलते हुए हसीना ने मौजूदा रहमान प्रशासन पर अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 1971 के स्वतंत्रता सेनानियों को निशाना बनाया जा रहा है। हिरासत में रखे गए लोगों को दवा और इलाज नहीं दिया जा रहा, यातनाएं दी जा रही हैं और कई मामलों में मौत हो रही है। परिजनों तक खबर तक नहीं पहुंचाई जा रही।
उन्होंने मयमनसिंह जिले के धुबाउड़ा क्षेत्र की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि स्वतंत्रता सेनानी शेख हुसैन अली की हत्या कर दी गई और उनके शव को पेड़ पर लटका दिया गया। हसीना ने इसे बेहद जघन्य कृत्य बताया और कहा कि आज एक-एक करके मुक्ति संग्राम के नायकों को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि इन्हीं स्वतंत्रता सेनानियों की वजह से देश आजाद हो पाया था।
अपने पिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान का स्मरण करते हुए हसीना ने कहा कि उन्होंने देश को आजादी और पहचान दिलाने के लिए अपना जीवन कुर्बान किया था।